
- सुबह से छाए रहे बादलों ने दी हल्की राहत
- दिन चढ़ने के साथ तेज धूप और उमस ने किया परेशान
- दोपहर तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री, शाम तक पहुंचा 34 डिग्री
अंबेंडकरनगर। जिले में शनिवार को मौसम ने कई बार रंग बदला। सुबह से उमड़ते-घुमड़ते बादलों ने हल्की ठंडक तो दी, लेकिन अपेक्षित बारिश नहीं होने से दोपहर बाद उमस ने फिर से लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को बारिश की संभावना जताई है।
सुबह से छाए रहे बादल, लोगों को मिली राहत
शनिवार की सुबह होते ही आसमान में काले बादलों की घनघोर उपस्थिति दिखाई दी। जगह-जगह बादलों के झुंड उमड़ते-घुमड़ते नजर आए, जिससे लोगों को लगा कि बारिश जल्द ही शुरू हो जाएगी। लेकिन दोपहर तक बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी। हालांकि, बदली और पछुआ हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना रहा।
तापमान में उतार-चढ़ाव, दोपहर तक दर्ज हुआ 30 डिग्री
बदली के प्रभाव से दोपहर 12 बजे तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम था। हवा की गति भी अपेक्षाकृत शांत रही, जिससे वातावरण में हल्की नमी बनी रही और लोगों को सुबह के समय गर्मी से कुछ राहत मिली।दोपहर करीब दो बजे के बाद आसमान साफ होने लगा और तेज धूप निकलने लगी। सूरज की किरणों के साथ ही तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। शाम चार बजे तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप के साथ बढ़ी नमी ने उमस को भी तीव्र कर दिया।शाम करीब छह बजे के बाद मौसम एक बार फिर सामान्य स्थिति में लौट आया। तापमान में थोड़ी गिरावट आई और हवा में ठंडक घुलने लगी, जिससे लोगों को राहत मिली।









