सीतापुर में सरकारी जमीन पर बना सपा कार्यालय बुलडोजर से ढहाया

2 घंटे में जमींदोज, प्रशासन ने सुबह 4 बजे 5 थानों की फोर्स के साथ की कार्रवाई, 4 बुलडोजरों से हटाया गया ढांचा

सीतापुर। सीतापुर में सोमवार तड़के प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर बने समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय को बुलडोजर से ढहा दिया। सुबह करीब 4 बजे जिला प्रशासन 5 थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचा और 4 बुलडोजरों की मदद से लगभग 2 घंटे में पूरे कार्यालय को जमींदोज कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान करीब 25 पुलिसकर्मी और 50 पीएसी जवान तैनात रहे। कार्रवाई पूरी होने के बाद मलबा भी हटा दिया गया।

जानकारी के अनुसार, यह कार्यालय करीब 21 साल पहले 2500 वर्ग फीट नजूल भूमि पर बनाया गया था। उस समय सपा कार्यालय के नाम पट्टा आवंटित किया गया था, लेकिन चार महीने बाद ही वह पट्टा निरस्त कर दिया गया था। उस समय प्रदेश में मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे।

नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी सीमा सिंह के अनुसार, 15 जनवरी 2005 को तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा टाउन हॉल परिसर की नजूल भूमि सपा कार्यालय के लिए आवंटित की गई थी, जिसमें 100 रुपये प्रतिमाह किराया तय किया गया था। बाद में जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर 14 अप्रैल 2005 को यह आवंटन निरस्त कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि 8 जून 2025 को जिलाधिकारी न्यायालय ने नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का आदेश दिया था। इसके बाद तय समय सीमा पूरी होने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई से 24 घंटे पहले सपा जिलाध्यक्ष ने कार्यालय खाली करा दिया था। मौके पर सदर एसडीएम डॉ. जर्नादन कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button