स्वच्छता अभियान में जुटे खेल एवं युवा कल्याण मंत्री

अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर मंगलवार को अकबरपुर में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए नगर भ्रमण किया और सफाई अभियान में श्रमदान किया। उन्होंने नदी किनारे कूड़ा उठाकर डस्टबिन में डाला और झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी सदानंद गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष अकबरपुर चंद्रप्रकाश वर्मा, नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी बीना सिंह समेत जनप्रतिनिधि और नगर के अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान में भागीदारी की और प्रधानमंत्री के जन्म दिवस को सेवा कार्यों के रूप में मनाने का संकल्प लिया।

स्वच्छता ही सेवा का संकल्प
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता ही सेवा का शपथ दिलाया। इस दौरान लोगों ने प्रतिज्ञा ली कि वे पृथ्वी और प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा करेंगे, संसाधनों की बर्बादी कम करेंगे, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करेंगे तथा पेपर या कपड़े के बैग का इस्तेमाल करेंगे। साथ ही अधिक से अधिक पेड़ लगाने और ऊर्जा-पानी संरक्षण का वचन दिया।

Back to top button