- महंगाई, खाद संकट और बिजली विभाग की वसूली पर सपा का प्रदर्शन
- पार्टी कार्यकर्ताओं का कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च, राज्यपाल को ज्ञापन
- राममूर्ति वर्मा बोले – सरकार किसानों से कर रही धोखा
अम्बेडकरनगर | जिले में बढ़ती महंगाई, बिजली विभाग की मनमानी वसूली और यूरिया-खाद की भारी किल्लत के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर किसान विरोधी नीतियों का आरोप लगाया और कहा कि सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए किसानों को बदहाल कर रही है।
राममूर्ति वर्मा का हमला – किसानों के साथ सरकार कर रही है धोखा
टांडा विधायक व पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने झूठे वादों से जनता को ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में यूरिया-खाद की भारी किल्लत है, लेकिन सरकार इस पर गंभीर नहीं है।
वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार अपने “मित्र उद्योगपतियों” को लाभ दिलाने के लिए खाद की कालाबाजारी को बढ़ावा दे रही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की विजिलेंस टीम जिलेभर में किसानों के खिलाफ अवैध छापेमारी और वसूली कर रही है, जिससे किसान त्रस्त हैं।
जंगबहादुर यादव – सरकार किसानों को कर रही है अपमानित
सपा जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव ने कहा कि किसान रात-रात भर सोसाइटियों के बाहर लाइन में खड़े हो रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से किसानों का सम्मान लगातार गिर रहा है।








