
बरेली। उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शनिवार को समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन को सपा द्वारा बार-बार विवादित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक “सुनियोजित षड्यंत्र” का हिस्सा हो सकता है, जो हिंदू धर्म और सनातन परंपरा को बदनाम करने की मंशा से प्रेरित है।
चौधरी बरेली में दिवंगत भाजपा पार्षद आरेंद्र अरोड़ा के आवास पर शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे थे। इससे पूर्व सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने सपा और INDIA गठबंधन को भी आड़े हाथों लिया।
“सपा का चरित्र सनातन विरोधी”
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के नेताओं ने हमेशा हिंदू धर्म, धर्मगुरुओं, संतों और धार्मिक ग्रंथों को अपमानित करने का प्रयास किया है। उनका चरित्र समाज में सनातन विरोधी है, यह जगजाहिर है।”
उन्होंने शिक्षक रजनीश गंगवार की विवादित कविता “कांवड़ लेकर मत जाना तुम, ज्ञान का दीप जलाना” पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है और ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार कार्रवाई कर रही है।
योगी सरकार में धार्मिक स्वतंत्रता को प्राथमिकता
भूपेंद्र चौधरी ने दावा किया कि समाजवादी सरकार के समय कांवड़ यात्रा पर कई बार रोक लगाने की कोशिश की गई थी, जबकि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज हर व्यक्ति को अपनी धार्मिक आस्था के अनुरूप त्योहार मनाने की पूरी स्वतंत्रता है।
उन्होंने कहा, “सरकार सभी समुदायों के त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हों, इसके लिए मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था करती है। कांवड़ यात्रा करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी है और इसे सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।”
INDIA गठबंधन को बताया स्वार्थी और बेमेल
चौधरी ने विपक्षी INDIA गठबंधन को स्वार्थी और अवसरवादी बताते हुए कहा कि यह गठबंधन सिर्फ सत्ता के लोभ में बना है, जिसकी कोई वैचारिक एकता नहीं है।
“इनकी नकारात्मक राजनीति को जनता पहचान चुकी है। लोकसभा चुनाव में जनता ने इन्हें जवाब दे दिया और आगे भी इनका कोई भविष्य नहीं है,” उन्होंने कहा।
राम मंदिर से लेकर कॉरिडोर तक, सपा की सोच हिंदू विरोधी
अखिलेश यादव द्वारा धार्मिक स्थलों पर कॉरिडोर बनाए जाने की हालिया टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी की सोच हमेशा से राम मंदिर, कांवड़ यात्रा जैसे आयोजनों के खिलाफ रही है। उनका रवैया हिंदू विरोधी है।”
बीजेपी संगठन चुनावों की तैयारी पूरी
भाजपा संगठन चुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में पार्टी पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संगठन को मजबूत कर रही है। उत्तर प्रदेश में अब तक 1.62 लाख स्थानीय समितियां और 1.5 लाख बूथ समितियां बन चुकी हैं। 98 में से 70 जिलों में जिला अध्यक्ष घोषित हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन चुनाव की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी।









