अंबेडकरनगर। टांडा में सोमवार को समाजवादी पार्टी ने जनसमस्याओं और बुनकर समुदाय से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री व टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता हयातगंज स्थित सपा कार्यालय से जुलूस निकालते हुए तहसील पहुंचे।
सरकार पर वादाखिलाफी और उपेक्षा का आरोप
विधायक राममूर्ति वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार जनसमस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल है। उन्होंने कहा कि बुनकर, किसान, बेरोजगार युवा और आम नागरिक लगातार समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
बुनकरों के लिए बिजली और उद्योग की मांग प्रमुख
ज्ञापन में बुनकर समुदाय से जुड़ी कई अहम मांगें रखी गईं। इसमें पावरलूम बुनकरों को निःशुल्क बिजली आपूर्ति, फर्जी बिलिंग पर रोक और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग शामिल रही।
इसके साथ ही बुनकर हाट और टेक्सटाइल पार्क की स्थापना की मांग भी उठाई गई, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
किसान, युवा और आम जनता से जुड़े मुद्दे भी शामिल
सपा ने किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने, बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने और बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण की मांग की।
इसके अलावा बेहतर विद्युत आपूर्ति, जर्जर सड़कों की मरम्मत, भ्रष्टाचार पर अंकुश और पुलिस उत्पीड़न पर रोक लगाने की भी मांग की गई।
टांडा नगर क्षेत्र में दाखिल-खारिज की पुरानी व्यवस्था बहाल करने की बात भी ज्ञापन में शामिल रही।









