कासगंज में आंधी-बारिश बनी काल

मकान की छत गिरने से दंपती समेत मासूम की मौत

कासगंज। कासगंज जिले के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र स्थित शेखूपुर गांव में शनिवार सुबह तेज आंधी और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह करीब पांच बजे एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में 30 वर्षीय वीरभान, उनकी 27 वर्षीय पत्नी नीलम और तीन वर्षीय बेटी काव्या की मौके पर ही मौत हो गई। छत गिरने के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मलबे में दब गए। गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय काजल, सात वर्षीय सूरज और पांच वर्षीय किरन को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद दोनों अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता और राहत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में सुबह तेज आंधी और भारी बारिश हुई थी, जिसके कारण पुराना और जर्जर मकान दबाव नहीं झेल सका और उसकी छत ढह गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button