इंटर कॉलेज के बाहर छात्र पर बेल्ट से हमला, वीडियो वायरल

लखनऊ। दुबग्गा स्थित त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज के बाहर गुरुवार दोपहर एक छात्र को कुछ युवकों ने सड़क पर रोककर बेरहमी से पीटा। बेल्ट, लात-घूंसों से किए गए इस हमले का पूरा घटनाक्रम पास की दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलेज से बाहर निकलते ही कई युवकों ने छात्र को घेर लिया और बेल्ट से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। हमले से बचने की पूरी कोशिश के बाद भी छात्र उन्हें रोक नहीं पाया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में है और फुटेज में दिख रहे हमलावर युवकों की पहचान के लिए विद्यालय प्रबंधन से संपर्क किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय अभिभावकों और लोगों ने घटना पर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों के बाहर होने वाली ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button