- सुनील शेट्टी बोले– बाबू भैया के बिना फिल्म अधूरी
- ‘हेरा फेरी’ एक अनुभव है, तीनों किरदार जरूरी: शेट्टी
- शेट्टी ने किया ‘केसरी वीर’ का प्रमोशन, निभा रहे हैं नेता का रोल
मुंबई। बॉलीवुड की आइकॉनिक कॉमेडी फिल्म हेरा फेरी की तीसरी किस्त को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि फिल्म में ‘बाबू भैया’ का किरदार निभाने वाले एक्टर परेश रावल ने हेरा फेरी 3 से खुद को अलग कर लिया है। इस खबर ने फैंस को हैरानी में डाल दिया है।
ऐसे में जब फिल्म के ‘श्याम’ यानी सुनील शेट्टी से इस बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने इस खबर पर खुलकर प्रतिक्रिया दी।
सुनील शेट्टी बोले – ‘बिना बाबू भैया और राजू के हेरा फेरी का कोई मतलब नहीं’
‘बॉलीवुड बबल’ को दिए इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने कहा,
“बिना बाबू भैया और अक्षय कुमार के राजू के, ‘हेरा फेरी’ जैसी कोई चीज हो ही नहीं सकती। अगर परेश रावल फिल्म में नहीं होंगे, तो श्याम जैसे किरदार का वजूद ही खत्म हो जाएगा।”
सुनील ने आगे कहा कि हेरा फेरी केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि एक अनुभव है, जिसे तीनों मुख्य किरदारों – बाबू भैया, श्याम और राजू – के बिना पूरा नहीं किया जा सकता।
‘केसरी वीर’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं सुनील
सुनील शेट्टी इस समय अपनी आगामी फिल्म केसरी वीर के प्रमोशन में जुटे हैं, जो 23 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। उन्होंने फिल्म में अपने किरदार के बारे में बताया कि वह एक ऐसे सच्चे और ईमानदार नेता का समर्थन करता है जो समाज में बदलाव लाने का सपना देखता है।
वेलकम टू द जंगल और हेरा फेरी 3 से जुड़ी हैं उम्मीदें
सुनील शेट्टी के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वह जल्द ही वेलकम टू द जंगल में नजर आने वाले हैं, जिसमें उनके साथ अक्षय कुमार और परेश रावल भी दिखेंगे। वहीं, हेरा फेरी 3 को लेकर भी फैंस काफी उत्साहित हैं। इस फिल्म को डायरेक्टर प्रियदर्शन बना रहे हैं, जो इस फ्रेंचाइज़ी को फिर से पुराने रंग में रंगने की तैयारी में हैं।








