
पश्चिम बंगाल: सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद बुधवार को नंदीग्राम पहुंचकर जनता का आभार जताया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
नंदीग्राम में आयोजित कार्यक्रम में सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यहां की जनता ने उन्हें दो बार सांसद और तीन बार विधायक बनाया है। उन्होंने कहा कि पिछली बार उन्होंने मुख्यमंत्री को हराया था और इस बार भी जनता ने उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने बजरंगबली का आशीर्वाद लेने की बात भी कही।
बता दें कि पश्चिम बंगाल चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने दो सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों जगह जीत हासिल की। नंदीग्राम सीट पर उन्होंने तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार पबित्र कर को 9,665 वोटों से हराया। वहीं भवानीपुर सीट पर Mamata Banerjee को 15 हजार से अधिक वोटों के अंतर से शिकस्त देकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया।
जीत के बाद विजय जुलूस को लेकर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों तक कोई रैली या जुलूस नहीं निकाला जाएगा। सरकार बनने के बाद पुलिस की अनुमति से धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
राजनीतिक गलियारों में अब उन्हें बीजेपी के संभावित मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक जल्द होने वाली विधायक दल की बैठक में नए नेता का चयन किया जा सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।









