
अम्बेडकरनगर। बकरीद पर्व को लेकर टांडा कोतवाली पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने साफ कहा है कि शासन और प्रशासन की गाइडलाइन का हर हाल में पालन कराया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाल ने बताया कि हाल ही में हुई प्रशासनिक बैठक में अधिकारियों की ओर से दिए गए निर्देशों के अनुसार पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। नगर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस टीमों का भ्रमण जारी है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नजर रखी जा रही है।
सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी पर रहेगी नजर
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी, गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। शांति व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। ऐसे में सभी लोग नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।
पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें सक्रिय
नगर पालिका और ग्राम पंचायत की टीमों के साथ पुलिस प्रशासन भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय है। सफाई व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कई इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती भी की गई है।









