आगरा में 45 फीट ऊंची जिप लाइन से गिरकर किशोर की मौत

सेफ्टी बेल्ट का हुक खुलने से हुआ हादसा, माता-पिता के सामने तड़पता रहा बेटा; जिप लाइन संचालक हिरासत में

  • आगरा में जिप लाइन से गिरकर 16 वर्षीय किशोर की मौत
  • 45 फीट ऊंचाई से नीचे गिरा कुनाल अग्रवाल
  • हादसे का वीडियो आया सामने

आगरा। आगरा में एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की जिप लाइन से गिरकर मौत हो गई। हादसा रविवार शाम ताजगंज इलाके में स्थित चौपाटी परिसर में हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें किशोर जिप लाइन पर जाते समय अचानक नीचे गिरता दिखाई दे रहा है।

मृतक की पहचान फिरोजाबाद निवासी कुनाल अग्रवाल के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ घूमने के लिए आगरा आया था। बताया जा रहा है कि कुनाल को एडवेंचर एक्टिविटीज का शौक था और उसने जिप लाइन पर जाने की जिद की थी।

वीडियो में दिख रहा है कि जैसे ही कुनाल 45 फीट ऊंची जिप लाइन पर दूसरे छोर की ओर बढ़ता है, उसकी सेफ्टी बेल्ट का हुक अचानक खुल जाता है। इसके बाद वह नीचे गिर जाता है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल कुनाल ने माता-पिता के सामने तड़पते हुए दम तोड़ दिया।

परिजनों के अनुसार, कुनाल 11वीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता पंकज अग्रवाल फिरोजाबाद में चूड़ी कारोबारी हैं। परिवार रविवार को पहले खाटू श्याम मंदिर गया था, फिर फिल्म देखने के बाद शाम करीब 5 बजे ताजगंज की चौपाटी पहुंचा।

कुनाल के छोटे भाई मयंक ने ही उसका वीडियो रिकॉर्ड किया था। जिप लाइन पर जाने से पहले कुनाल ने भाई से कहा था कि वह उसका वीडियो बनाता रहे। कुछ ही सेकंड बाद यह हादसा हो गया।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने हादसे के बाद जिप लाइन का संचालन बंद करा दिया है। जिप लाइन संचालक को हिरासत में ले लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button