
अमेरिका : टेक्सास के कैरोलटन शहर में मंगलवार को एक मॉल के अंदर हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और मॉल को खाली कराया गया।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, एक अज्ञात हमलावर ने अचानक मॉल के अंदर मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर और पीड़ित एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच पुराना विवाद चल रहा था।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हमला किसी व्यावसायिक बैठक के दौरान हुए विवाद के बाद हुआ।
यह घटना कैरोलटन के कोरियाटाउन इलाके में स्थित के टाउन प्लाजा में हुई, जहां हमेशा काफी भीड़ रहती है। गोलीबारी के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारी हथियारों के साथ मॉल के अंदर तलाशी लेते दिखाई दे रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए Federal Bureau of Investigation की टीम भी जांच में जुट गई है।









