धीरे बाइक चलाने की नसीहत पड़ी भारी, धक्का लगने से वृद्ध की मौत

आलापुर क्षेत्र के गांव में हुई घटना, गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज

आलापुर (अम्बेडकरनगर)। गांव की सड़क पर तेज रफ्तार बाइक को लेकर हुई मामूली कहासुनी कुछ ही मिनटों में ऐसी घटना में बदल गई, जिसका अंत एक वृद्ध की मौत के साथ हुआ। आलापुर थाना क्षेत्र के वहिगवा जोगीपुर गांव में 70 वर्षीय जैनुल्लाह की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बाइक की रफ्तार कम करने की सलाह देने पर दो युवकों ने उन्हें धक्का दे दिया था।

सोमवार रात करीब 10 बजे जैनुल्लाह अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान गांव का एक युवक तेज रफ्तार बाइक से वहां से गुजरा। परिजनों के अनुसार, जैनुल्लाह ने उसे रोककर गांव के भीतर धीरे वाहन चलाने की बात कही। आरोप है कि इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

सड़क किनारे शुरू हुआ विवाद, गिरते ही बिगड़ गई हालत

तहरीर के मुताबिक, कुछ ही देर में कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि युवक अपने साथी के साथ बाइक से उतरा और दोनों ने वृद्ध को धक्का दे दिया। धक्का लगते ही जैनुल्लाह संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े। गिरने के बाद उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन घायल वृद्ध को तत्काल अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी।

मौत की खबर से गांव में मचा हड़कंप

वृद्ध की मौत की सूचना फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनने लगी, लेकिन पुलिस की सक्रियता से माहौल सामान्य बना रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और स्थिति पर नजर रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button