
- बचपन में देखा सपना शादी के दिन हुआ सच
- घोड़ी नहीं, हाथी पर बैठकर निकला दूल्हा अंकित
- 20 साल की कमाई दांव पर लगाकर पूरी की ख्वाहिश
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई, जहां दूल्हा अंकित अपनी बारात घोड़ी की बजाय हाथी पर लेकर पहुंचा। इस अनोखे अंदाज के पीछे 20 साल पुराना सपना था, जिसे उसने आखिरकार अपनी मेहनत की कमाई से पूरा कर दिखाया।
बताया जा रहा है कि अंकित ने महज 5 साल की उम्र में यह सपना देखा था कि वह अपनी शादी में हाथी पर सवार होकर दुल्हन लेने जाएगा। उसने अपने पिता और दादा से भी यह बात साझा की थी। परिवार ने भी इस इच्छा को गंभीरता से लिया और उसे पूरा करने का संकल्प लिया।
21 अप्रैल को इंचौली थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव से मंडौरा गांव तक निकली बारात में अंकित हाथी पर सवार नजर आया। पहले वह अपने गांव में हाथी पर बैठकर घूमा और फिर पूरे शाही अंदाज में दुल्हन के गांव पहुंचा। दूल्हे को हाथी पर देख लोग हैरान रह गए और इस नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी।
यह अनोखी बारात पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। लोगों ने इसे एक मिसाल के तौर पर देखा कि कैसे एक साधारण परिवार का युवक अपनी मेहनत और लगन से अपने बचपन का सपना पूरा कर सकता है।
दैनिक भास्कर से बातचीत में अंकित ने कहा, “सपना तो सपना होता है, चाहे कोई गरीब हो या अमीर। हर किसी को अपने सपने पूरे करने का हक है। मेरा सपना था कि मैं हाथी पर बैठकर दुल्हन लाने जाऊं और आज वो पूरा हो गया।”









