
- कर्मचारियों से भी साइकिल उपयोग की अपील
- ईंधन बचत और प्रदूषण कम करने का संदेश
- हेलमेट पहनकर किया सुरक्षित सफर
लखनऊ। लखनऊ के 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए 15 किलोमीटर साइकिल चलाकर अस्पताल पहुंचने की पहल की।
डॉ. शुक्ला ने अस्पताल आने के साथ-साथ वापसी का सफर भी साइकिल से ही तय किया। उन्होंने बताया कि यह कदम प्रधानमंत्री के आह्वान और आयुष मंत्री की प्रेरणा से उठाया गया है।
कर्मचारियों से की अपील
डॉ. शुक्ला ने अस्पताल के सभी कर्मचारियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल, पैदल, सार्वजनिक परिवहन या पूल वाहन से कार्यालय आने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से ईंधन की बचत होगी, वायु प्रदूषण कम होगा और लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।
हेलमेट पहनकर किया यातायात नियमों का पालन
साइकिल यात्रा के दौरान डॉ. शुक्ला ने हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन किया। उनकी इस पहल की अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने सराहना की।
लोगों का कहना है कि इस तरह के प्रयास समाज में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद करेंगे।









