
अम्बेडकरनगर। जनपद की सभी 899 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को लेकर “ग्रीन चौपाल” आयोजित की जाएगी। शासन के निर्देश पर होने वाले इस अभियान में पांचों तहसीलों और नौ विकास खंडों की ग्राम पंचायतें एक साथ शामिल होंगी। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से 10 बजे तक आयोजित होगा।
प्रशासन के अनुसार यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव, स्वच्छता और सतत विकास से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जनभागीदारी आधारित होगा।
वृक्षारोपण से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रीन चौपाल का शुभारंभ वृक्षारोपण के साथ किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों को अपने घरों और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रत्येक परिवार से पांच-पांच पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल का आह्वान किया गया है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में वर्षा जल संचयन, सूखे और गीले कचरे का अलग-अलग प्रबंधन, गो-संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही पेट्रोल और डीजल की बचत तथा ग्रीन परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया जाएगा।
मानसून से पहले बनेगी कार्ययोजना
ग्रीन चौपाल के दौरान आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायतवार वृक्षारोपण की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य आगामी वृहद वृक्षारोपण अभियान को प्रभावी बनाना है। इसके लिए पंचायत स्तर पर पौधरोपण स्थलों का चयन और संरक्षण की रणनीति बनाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ आयोजित होने वाला यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि अधिक पौधरोपण कर परिवार कार्बन क्रेडिट फाइनेंस योजना के संभावित लाभों से भी जुड़ सकते हैं।









