
Lucknow। राजधानी लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र स्थित जुग्गौर हाईवे पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान जुग्गौर गांव निवासी रमेश यादव के बेटे सुमित कुमार यादव (25) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुमित अपने साथी उमेश यादव के साथ गुरुवार रात करीब 9 बजे बाइक से घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
बताया जा रहा है कि जुग्गौर हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल उमेश यादव का इलाज जारी है।
पेंटिंग का काम करता था मृतक
परिजनों के अनुसार सुमित पेंटिंग का काम करता था और मेहनत कर परिवार का सहारा बना हुआ था। उसके परिवार में पिता रमेश यादव और तीन भाई हैं। वह घर में भाइयों में बीच का था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिवार में मचा कोहराम
भाई पवन कुमार यादव ने बताया कि सुमित परिवार का जिम्मेदार सदस्य था और घर चलाने में मदद करता था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।









