कानपुर। कानपुर के बर्रा एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। ड्यूटी पर तैनात दो ट्रैफिक सिपाहियों को एक कंटेनर ने टक्कर मार दी, जिसमें एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और राकेश कुमार नौबस्ता चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात थे। देर रात झारखंड नंबर का एक खाली ट्रक पनकी स्थित प्लांट की ओर जा रहा था। चेकिंग के दौरान सिपाहियों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ा दी।
कुछ दूरी पर बर्रा बाईपास स्थित प्रिया नर्सिंग हॉस्पिटल के सामने ट्रक को रोका गया और चालक से पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार मालवाहक कंटेनर ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया और इस दौरान सिपाही उसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में सिपाही जितेंद्र कुमार (2018 बैच) की मौके पर मौत हो गई। वे आगरा के रहने वाले थे। वहीं राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राकेश मूल रूप से बुलंदशहर के निवासी हैं। ट्रक चालक रितेश कुमार यादव (24), बिहार का रहने वाला है।









