गोरखपुर। चौरीचौरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई, जबकि उनका 7 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब परिवार तरकुलहा देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था।
जानकारी के अनुसार देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के कुरैना निवासी संतराज भारती (35) और उनकी पत्नी प्रेमशीला (32) अपने बेटे संगम के साथ बाइक से मंदिर जा रहे थे। शुक्रवार सुबह वे झंगहा क्षेत्र में स्थित प्रेमशीला की मौसी के घर पहुंचे थे। वहां से परिवार के अन्य सदस्यों के साथ तरकुलहा देवी मंदिर के लिए निकले थे।
चौरीचौरा थाना क्षेत्र के भोपा चौराहे के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (ट्रेलर) ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संतराज और उनकी पत्नी ट्रक में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटते चले गए। वहीं उनका बेटा सड़क किनारे दूर जा गिरा।
बुरी तरह कुचल जाने के कारण संतराज और प्रेमशीला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल बेटे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा किया। करीब एक किलोमीटर दूर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।









