सहारनपुर। नकुड़ क्षेत्र के चर्चित पूनम मित्तल हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हालांकि पुलिस ने अभी तक मामले का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है, लेकिन जल्द ही प्रेस वार्ता कर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किए जाने की संभावना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे पड़ोसी का नाम सामने आ रहा है।
पुलिस पिछले तीन दिनों से सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान संदिग्धों की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि पुलिस से घिरने पर आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
गौरतलब है कि 1 जून को अंबेहटा कस्बे के मोहल्ला झावरी निवासी कारोबारी संजय मित्तल की पत्नी 60 वर्षीय पूनम मित्तल की उनके घर में निर्मम हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।









