कलेक्ट्रेट परिसर में दो सगे भाइयों का आत्मदाह का प्रयास

कानपुर। कानपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन विवाद से परेशान दो सगे भाइयों ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। जैसे ही दोनों ने माचिस जलाने की कोशिश की, वहां मौजूद गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल और माचिस छीन ली। गार्ड की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भाई काफी आक्रोशित थे और बार-बार कह रहे थे, “हमें मर जाने दो, हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।” घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।

भाइयों ने आरोप लगाया कि उनके पाटीदारों ने उनकी 9 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है और जमीन के कुछ हिस्से को बेच भी दिया है। उनका कहना है कि वे लगातार तहसील और थानों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हुई।

मामले की जानकारी मिलते ही डीएम ने दोनों भाइयों को अपने पास बुलाया और पूरे प्रकरण की जांच कराने का आश्वासन दिया। डीएम ने कहा कि यदि जमीन पर अवैध कब्जा पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button