सरगना की बर्थडे पार्टी में शामिल 2 कांस्टेबल सस्पेंड

20 होटलों में चलता था रैकेट, मुख्य आरोपी रोहित गिरफ्तार; साहिल की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें लगीं

  • 3 अप्रैल को सेक्स रैकेट का खुलासा
  • 20 होटलों में चलता था अवैध नेटवर्क
  • सरगना रोहित गिरफ्तार, साहिल फरार

कानपुर: कानपुर में सेक्स रैकेट के खुलासे के बाद पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रैकेट के सरगना की बर्थडे पार्टी में शामिल होने वाले दो कांस्टेबल्स को सस्पेंड कर दिया गया है। मामला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, 3 अप्रैल को पुलिस ने शहर में चल रहे एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था। इस दौरान सरगना रोहित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह रैकेट शहर के करीब 20 होटलों में युवतियों को सप्लाई करता था।

इसी बीच, आरोपी रोहित और उसके साथी साहिल के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। एक वीडियो में रोहित एक किशोर के साथ बेरहमी से मारपीट करता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में वह पुलिस अधिकारी का नाम लेकर धौंस जमाता नजर आ रहा है।

मामले को और गंभीर तब माना गया जब रोहित की बर्थडे पार्टी का वीडियो सामने आया, जिसमें कांस्टेबल दीपक चौधरी और धर्मेंद्र सिंह भी मौजूद दिखे। वीडियो वायरल होने के बाद डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

डीसीपी साउथ ने बताया कि वायरल वीडियो पुराना है, उस समय दोनों कांस्टेबल बर्रा थाने में तैनात थे। फिलहाल दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं, फरार आरोपी साहिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button