
चित्रकूटयू। पी में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदी में करीब 30 फीट का उफान बताया जा रहा है। हनुमान धारा पर बना करीब 300 फीट लंबा पुल बाढ़ के पानी में टूटकर बह गया।
400 दुकानें बाढ़ की चपेट में
मंदाकिनी का पानी बढ़ने से आसपास के इलाके प्रभावित हुए हैं। करीब 400 दुकानें बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। रेलवे ट्रैक पर भी पानी भर गया है। कई लोग घरों और होटलों में फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
हेलिकॉप्टर और SDRF की टीमें तैनात
बाढ़ प्रभावित लोगों को बचाने के लिए 2 हेलिकॉप्टर और SDRF की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। अब तक करीब 50 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। SDRF के जवानों ने घरों में फंसे बच्चों को गोद में उठाकर बाहर निकाला।
बरगी डैम से पानी छोड़े जाने का असर
लगातार बारिश के साथ मध्य प्रदेश के बरगी डैम से पानी छोड़े जाने के कारण चित्रकूट में हालात और बिगड़ गए हैं। प्रशासन और राहत-बचाव टीमें प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।









