यूपी में टॉप छात्राओं को मिलेगी स्कूटी, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को कैबिनेट की मंजूरी

  • ₹10 लाख तक आय वाले परिवार होंगे पात्र
  • स्कूटी के साथ हेलमेट, बीमा और 4 लीटर पेट्रोल भी मिलेगा
  • कैबिनेट ने दो नए एक्सप्रेस-वे को भी दी मंजूरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रेजुएशन पास करने वाली मेधावी छात्राओं के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस समेत 18 प्रस्तावों पर मुहर लगी।

योजना के तहत प्रत्येक विश्वविद्यालय और कॉलेज की टॉप 5 प्रतिशत छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। इसका लाभ उन छात्राओं को मिलेगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय 10 लाख रुपए तक है। हालांकि दिव्यांग छात्राओं, शहीदों की बेटियों और निराश्रित परिवार की छात्राओं पर आय सीमा लागू नहीं होगी।

सरकार स्कूटी के साथ उसका बीमा, रजिस्ट्रेशन, हेलमेट, आवश्यक एक्सेसरीज और चार लीटर पेट्रोल भी उपलब्ध कराएगी। हालांकि ड्राइविंग लाइसेंस छात्राओं को स्वयं बनवाना होगा।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि योजना के लिए 400 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। स्कूटी की खरीद सरकारी GeM पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।

कैबिनेट बैठक में प्रदेश में दो नए एक्सप्रेस-वे बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। इनमें 333 किलोमीटर लंबा विंध्य एक्सप्रेस-वे और 117 किलोमीटर लंबा विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र समेत कई जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

सरकार ने यह भी घोषणा की कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक आयोजित होगा। इस दौरान अनुपूरक बजट और अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव सदन में पेश किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button