यूपी में एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का अभियान

सीएम योगी ने गोरखपुर से शुरू किया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, बोले- पौधे बचाना भी जिम्मेदारी

  • गोरखपुर से शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान
  • सीएम योगी ने लगाए नीम, पीपल और बरगद के पौधे
  • यूपी में एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में रविवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह 8:30 बजे गोरखपुर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के पास नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाए और पौधरोपण के साथ सेल्फी भी ली।

सीएम योगी ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन का जिक्र करते हुए कहा कि मौसम का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। गर्मी और सर्दी अपने चरम पर पहुंच रही है, जिसका असर पूरी दुनिया पर दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण कई शहरों पर खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और जल स्रोतों के नुकसान को पर्यावरण संकट की बड़ी वजह बताया।

प्रदेश में इस अभियान के तहत एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का दावा है कि लक्ष्य पूरा होने पर 24 घंटे में सबसे ज्यादा पौधे लगाने का रिकॉर्ड बन सकता है। रविवार सुबह 11 बजे तक करीब 13 करोड़ पौधे लगाए जा चुके थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button