
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में कानपुर रोड स्थित चिल्लावां गांव जाने वाले मुख्य मार्ग पर अवैध कट बंद किए जाने के विरोध में प्रदर्शन और सड़क जाम करने के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में तीन नामजद समेत करीब दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उपनिरीक्षक अवनीश वर्मा के अनुसार, यह घटना 9 अप्रैल 2026 की है। यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत फर्रुखाबाद-चिल्लावां के पास अंग्रेजी मॉडल शॉप के सामने लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर पर बने अवैध कट को क्रेन की मदद से बंद किया गया था।
इस कार्रवाई से नाराज स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उसी दिन शाम करीब 6 बजे हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। इसके चलते यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई और लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक अवनीश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। पुलिस के मुताबिक, एमसी तिवारी, राकेश (किराना स्टोर संचालक) और बृजेंद्र शर्मा उर्फ पप्पू सहित 20-25 अज्ञात लोगों ने मिलकर सड़क जाम किया और नारेबाजी करते हुए आवागमन बाधित किया।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद हालात को काबू में किया जा सका।
पुलिस का कहना है कि उक्त अवैध कट के कारण अक्सर सड़क हादसे होते थे और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रहती थी। इसी को देखते हुए इसे बंद करने का फैसला लिया गया था। फिलहाल, सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









