आसनसोल में लाउडस्पीकर विवाद पर बवाल

रेलपार इलाके में तनाव के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज, पैरामिलिट्री फोर्स तैनात

आसनसोल। आसनसोल में लाउडस्पीकर की आवाज कम करने के निर्देश के बाद शुक्रवार रात तनाव फैल गया। रेलपार इलाके में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ पुलिस चौकी पहुंच गई और वहां पथराव व तोड़फोड़ की घटना सामने आई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।

जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने आसनसोल के कई इलाकों में लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा में रखने को कहा था। इसी मुद्दे को लेकर दिन में रेलपार क्षेत्र में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत भी हुई थी।

पुलिस चौकी पर हमला, वाहनों में तोड़फोड़

शाम होते-होते मामला तनावपूर्ण हो गया और बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी के बाहर जमा हो गए। आरोप है कि भीड़ ने चौकी पर पथराव किया और पुलिस व आम लोगों के कई वाहनों में तोड़फोड़ की।

घटना में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया।

इलाके में तैनात की गई पैरामिलिट्री फोर्स

तनाव को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

वीजी सतीश पसुमार्थी ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button