लुधियाना में वैष्णो देवी जा रही ट्रेन हादसे का शिकार

कपलर टूटने से अलग हुए दो कोच

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार को वैष्णो देवी जा रही एक स्पेशल ट्रेन हादसे का शिकार हो गई। ट्रेन के दो कोचों को जोड़ने वाला कपलर टूट जाने से डिब्बे अलग हो गए। हादसे के दौरान धमाके जैसी आवाज सुनाई देने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई और कई यात्री तत्काल कोच से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार न्यू दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन (04081) में करीब 1200 यात्री सवार थे। ट्रेन शनिवार तड़के नई दिल्ली से रवाना हुई थी और सुबह करीब 8:47 बजे लुधियाना स्टेशन पहुंची। स्टेशन से ट्रेन के रवाना होते ही यह तकनीकी खराबी सामने आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय स्लीपर कोच के टॉयलेट क्षेत्र से तेज आवाज आई, जिसके बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना उस समय हुई जब ट्रेन ने स्टेशन से चलना शुरू ही किया था। यदि यह हादसा तेज रफ्तार के दौरान होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के मद्देनजर पंजाब में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। ऐसे में घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।

लुधियाना के एडीसीपी समीर वर्मा ने जांच के बाद बताया कि ट्रेन में किसी प्रकार का विस्फोट नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि दो कोचों को जोड़ने वाला कपलर टूटने के कारण यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में किसी साजिश या ब्लास्ट की पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button