वरद होटल हत्याकांड का खुलासा: यूपी-112 की कॉल से खुली हत्या की परतें

होटल के कमरे में मिली युवती की लाश, प्रेमी बेसुध हालत में पड़ा था

अम्बेडकरनगर। बसखारी क्षेत्र के वरद होटल में हुए चर्चित प्रेमिका हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पहली नजर में मामला प्रेमी-प्रेमिका द्वारा विषाक्त पदार्थ खाने का लग रहा था, लेकिन होटल के कमरे का दृश्य, युवती के शरीर पर मिले निशान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदल दी। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक ने शक और विवाद के चलते प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी थी।

मामले में आरोपी कुलदीप गौड़ को इलाज पूरा होने के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने खुलासे में होटल स्टाफ, मोबाइल कॉल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी की पूछताछ को अहम आधार बनाया।

यूपी-112 पर आई कॉल से शुरू हुई जांच

घटना 21 मई की दोपहर की है। यूपी-112 पर एक युवक ने फोन कर बताया कि उसने और उसकी प्रेमिका ने विषाक्त पदार्थ खा लिया है और दोनों होटल के कमरे में हैं। सूचना मिलते ही बसखारी पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित वरद होटल पहुंची।

पुलिस जब होटल के तीसरे तल पर बने कमरे में पहुंची तो युवती बिस्तर पर पड़ी थी, जबकि युवक फर्श पर बेसुध हालत में मिला। कमरे में अफरा-तफरी का माहौल था। पुलिस ने तुरंत दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया गया।

कमरे की हालत देखकर बढ़ा शक

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती सूचना विषाक्त पदार्थ खाने की थी, लेकिन होटल के कमरे की स्थिति देखकर मामला संदिग्ध लगा। युवती के गले पर निशान मिले थे। कमरे में संघर्ष के संकेत भी दिखाई दिए थे। इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर जांच शुरू की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button