फरियादी महिला को थप्पड़ मारने वाली दरोगा निलंबित

  • थाने में महिला से मारपीट का वीडियो वायरल
  • डीसीपी ने किया सस्पेंड
  • विभागीय जांच के आदेश

वाराणसी। वाराणसी के चौबेपुर थाने में फरियादी महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला दरोगा ने शिकायत सुनने के बजाय महिला को लगातार थप्पड़ मार दिए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दरोगा को निलंबित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, चौबेपुर थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह ने गुरुवार शाम शिकायत लेकर पहुंची महिला से कथित तौर पर कहा कि वह उसकी रोज-रोज की शिकायतों से परेशान हो चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने कुछ ही सेकेंड में महिला को कई थप्पड़ मार दिए। थाने में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीसीपी प्रमोद कुमार ने महिला दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

पीड़िता गीता देवी चौबेपुर क्षेत्र के परानापुर गांव की रहने वाली हैं। उनका आरोप है कि ग्राम समाज की पट्टे की जमीन पर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं। इसी मामले की शिकायत लेकर वह थाने पहुंची थीं। उन्होंने पहले भी पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button