वाराणसी में ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत

कंक्रीट मिक्सर ट्रक के पहिए के नीचे आने से हादसा

  • ट्रक की चपेट में साइकिल सवार
  • मौके पर हुई मौत
  • रिश्तेदार सुरक्षित बचा
  • सीसीटीवी फुटेज आया सामने
  • पुलिस ने जांच शुरू की

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह आजमगढ़ हाईवे पर कंक्रीट मिक्सर ट्रक की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रक के पास से गुजरते समय साइकिल का संतुलन बिगड़ गया और सवार ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गया।

मृतक की पहचान जैरामपुर सरैया गांव निवासी नखरु राजभर उर्फ कल्लू (45) के रूप में हुई है। वह बुधवार को अपने ससुराल पहाड़पुर गांव आए थे। गुरुवार सुबह वह अपने एक रिश्तेदार के साथ साइकिल से दानगंज बाजार जा रहे थे। नखरु साइकिल चला रहे थे, जबकि उनका रिश्तेदार पीछे बैठा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर ट्रक के गुजरने के दौरान साइकिल का संतुलन बिगड़ गया। इससे नखरु ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गए, जबकि पीछे बैठा उनका रिश्तेदार सुरक्षित बच गया।

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button