चुनावी प्रक्रिया में मतदाता की भागीदारी अहम : रणबीर सिंह

नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र के प्रभावी कामकाज के लिए चुनावी प्रक्रिया में मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है इसलिए चलो ‘वोटर बने हम’ थीम के जरिये मतदाता पंजीकरण के लिये युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। डॉ. सिंह ने आज यहां बताया कि मतदाता विशेष सारांश संशोधन (एसएसआर) के दौरान, सीईओ कार्यालय ने शिक्षा निदेशालय के सहयोग से लोगों को एसएसआर-2022 के बारे में जागरूक करने के लिए छात्रों के लिए एक ऑनलाइन प्रतिज्ञा का आयोजन किया।

इसमें राजधानी के 200 से अधिक स्कूलों, कॉलेजों और संस्थानों के छात्र- छात्राओं ने भाग लिया। इसमें युवाओं को वोट देने के लिए पंजीकरण करने व प्रोत्साहित करने के साथ- साथ विशेष सारांश संशोधन के दौरान विभिन्न मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।


उन्होंने यह भी कहा कि हम छात्रों को फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर सीईओदिल्लीऑफिस के आधिकारिक हैंडल का अनुसरण करने और अपने साथियों के बीच इसे साझा करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, क्योंकि युवा आबादी का सबसे महत्वपूर्ण और गतिशील हिस्सा है और उनका प्रभाव सब पर पड़ता है। सोशल मीडिया के व्यापक उपयोग के माध्यम से चुनावी जागरूकता को काफी बढ़ावा दिया जा रहा हैं।


डॉ. सिंह ने बताया कि छात्रों को चुनावी अधिकारों, पंजीकरण और मतदान की चुनावी प्रक्रिया के बारे में रोचक गतिविधियों और खेलों के माध्यम से जागरूक करने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में एक चुनावी साक्षरता क्लब की स्थापना की गई है। ये ईएलसी क्लब एसएसआर अवधि के दौरान युवा मतदाताओं के नामांकन को सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button