
अंबेडकरनगर । विश्व स्वास्थ्य दिवस 2026 के अवसर पर एनटीपीसी टांडा के आरोग्यम अस्पताल द्वारा “स्वास्थ्य के लिए एकजुट-विज्ञान के साथ खड़े रहे” थीम के तहत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
वॉकेथॉन में बढ़ी उत्साहपूर्ण भागीदारी
दिन की शुरुआत वॉकेथॉन से हुई, जिसमें एनटीपीसी टांडा के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। वॉकेथॉन का मुख्य संदेश था कि नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली स्वस्थ जीवन के लिए अनिवार्य हैं। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक दौड़ में भाग लेकर स्वास्थ्य के महत्व को प्रमोट किया।
निःशुल्क बीएमडी कैंप में हड्डियों की जांच
वॉकेथॉन के पश्चात आरोग्यम चिकित्सालय में निःशुल्क बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में मैक्स हेल्थकेयर, लखनऊ के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने प्रतिभागियों की हड्डियों की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया। इसमें मुख्य रूप से महिलाओं और बुजुर्गों ने भाग लिया, ताकि हड्डियों से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान की जा सके।
स्कूल बच्चों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
साथ ही, सरगम सभागार में स्कूली बच्चों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों को संतुलित आहार, स्वच्छता, व्यायाम और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में एनटीपीसी टांडा के कार्यकारी निदेशक जयदेव परिदा, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं प्रचालन) अजय सिंह यादव, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, गरिमा महिला मंडल की अध्यक्षा संघमित्रा परिदा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीषा पाण्डेय और अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाई।









