- मजदूरी कर परिवार पालने वाला युवक बना दर्दनाक हादसे का शिकार
- बोलेरो की टक्कर के बाद 25 किलोमीटर तक घसीटा गया शव, रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना
- शादी में शामिल बोलेरो बना काल, ड्राइवर को नहीं लगी हादसे की भनक
गोरखपुर। सहजनवा क्षेत्र के चांदबारी गांव के पास सड़क किनारे अज्ञात हालत में मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक खोराबार थाना क्षेत्र के रामपुर डाड़ी गांव निवासी सत्येंद्र कुमार के 36 वर्षीय पुत्र सच्चिदानंद थे। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है—सच्चिदानंद बोलेरो वाहन की चपेट में आने के बाद करीब 25 किलोमीटर तक वाहन के नीचे घसीटते चले गए, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
मजदूरी और खेती कर जीवन यापन करता था परिवार का इकलौता कमाने वाला
सच्चिदानंद मजदूरी और खेती-किसानी कर परिवार का पेट पालते थे। उनके परिवार में पत्नी प्रियंका और तीन साल का बेटा सुग्गु है। उनकी शादी वर्ष 2022 में पिपराइच में हुई थी। परिजनों के मुताबिक, वह 1 मई की सुबह किसी काम से बस्ती गए थे और शाम को घर लौटते समय यह भयावह हादसा हुआ।
शादी समारोह में शामिल बोलेरो ने रौंदा, 25 किलोमीटर दूर जाकर सड़क पर गिरा शव
घटना के वक्त इलाके में एक शादी समारोह चल रहा था। बारात बस्ती जिले के तिनौता गांव से आई थी। बारात में शामिल बोलेरो ने रास्ते में सत्येंद्र को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद शव बोलेरो के नीचे फंस गया और ड्राइवर को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब बोलेरो ने चांदबारी गांव में बारातियों को उतारने के बाद गाड़ी बैक की, तब जाकर शव नीचे गिरा।







