लखनऊ में तड़के आंधी-बारिश से बदला मौसम

1 घंटे की बारिश से गर्मी से मिली राहत

  • रात 3:15 बजे शुरू हुई तेज आंधी और झमाझम बारिश
  • शहर के कई इलाकों में करीब एक घंटे तक बिजली गुल
  • मौसम विभाग ने जारी किया था रेड अलर्ट

लखनऊ। लखनऊ में शुक्रवार तड़के मौसम ने अचानक करवट ले ली। रात करीब 3:15 बजे तेज आंधी के साथ गरज-चमक शुरू हुई और फिर शहरभर में झमाझम बारिश होने लगी। तेज हवाओं और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई।

करीब एक घंटे तक हुई बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। पिछले करीब 15 दिनों से लखनऊ में वार्म नाइट का असर देखने को मिल रहा था, जिससे रात में भी गर्मी बनी हुई थी।

10 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तापमान में औसतन 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान जताया गया है।

गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था।

रात 11 बजे से बदला मौसम

शहर में गुरुवार रात करीब 11 बजे अचानक मौसम बदलना शुरू हुआ। आसमान में काले बादल छा गए और बिजली कड़कने लगी। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और तेज आंधी को लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिया था।

विभाग की ओर से 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी। कुछ घंटों बाद ही शहर में तेज गर्जना के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई।

बारिश के दौरान शहरभर में बिजली बाधित

तड़के आंधी और बारिश के दौरान करीब एक घंटे तक शहर के अधिकांश इलाकों में बिजली गुल रही। तेज हवाओं के साथ बारिश की बौछारें घरों की खिड़कियों से अंदर तक पहुंच गईं।

हालांकि बारिश थमने के बाद मौसम सुहावना हो गया। सुबह करीब 4:30 बजे के बाद बारिश रुकी और धीरे-धीरे बिजली आपूर्ति भी बहाल कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button