- कांग्रेस का 5 दशक का खाली इतिहास, अब श्रेय लेने की होड़ में
- झांसी में अनुप्रिया पटेल ने जताया मोदी सरकार के फैसले पर विश्वास
- जातीय जनगणना का मुद्दा, अनुप्रिया पटेल ने कांग्रेस पर उठाए सवाल
झांसी । केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कांग्रेस पार्टी पर जातीय जनगणना को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास वर्षों तक सत्ता में रहने का मौका था, लेकिन उसने कभी भी जातीय जनगणना जैसे अहम मुद्दे पर निर्णय नहीं लिया।
रविवार रात झांसी पहुंची केंद्रीय मंत्री ने एक निजी कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “देश की जनता समझदार है और जानती है कि कौन चुनावी जुमलेबाजी करता है और कौन सियासी लफ्फाजी करता है। अब देशवासियों को कोई गलतफहमी नहीं है।”
मोदी सरकार ने लिया निर्णायक कदम
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार ने जातीय जनगणना का निर्णय लेकर सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने कहा, “आज जो क्षेत्रीय दल इस मुद्दे पर श्रेय लेने की होड़ में हैं, वे सभी पहले यूपीए का हिस्सा रहे हैं। जब कांग्रेस के पास सत्ता थी, तब उन्होंने क्यों नहीं किया? अब जब एनडीए सरकार यह कदम उठा रही है, तो उन्हें असहजता हो रही है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि मोदी हमेशा सामाजिक न्याय और विकास से जुड़े विषयों पर त्वरित निर्णय लेते हैं।
आतंकियों को मिलेगी कल्पना से बड़ी सजा
केंद्रीय मंत्री ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना पर भी कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आतंकियों और उनके आकाओं को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। भारत ने न कभी आतंकवाद के सामने घुटने टेके हैं और न कभी टेकेगा।”







