- न्यू कानपुर सिटी योजना को मिलेगा विस्तार, बोर्ड बैठक में हो सकता है बड़ा फैसला
- 1400 से बढ़कर 2000 हो सकते हैं प्लॉट, KDA ने तैयार किया नया प्रस्ताव
- 60 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित, शेष भूमि के लिए किसानों से जारी है बातचीत
कानपुर। न्यू कानपुर सिटी योजना को और विस्तार देने की तैयारी हो रही है। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) अब इस महत्वाकांक्षी योजना में 600 और प्लॉट जोड़ने पर विचार कर रहा है। अभी तक योजना में 1400 प्लॉट शामिल हैं, लेकिन संशोधित लेआउट के साथ यह संख्या 2000 तक पहुंच सकती है। इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय 15 मई को होने वाली केडीए बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा।
60 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण पूरा, आगे की प्रक्रिया जारी
केडीए ने योजना के तहत अब तक 60 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण कर लिया है। योजना के लिए कुल 89.69 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण किया जाना है। शेष भूमि के अधिग्रहण के लिए किसानों से बातचीत का सिलसिला जारी है। संबंधित गांवों में रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।
चार गांवों को जोड़कर बसाई जाएगी न्यू कानपुर सिटी
न्यू कानपुर सिटी योजना को मैनावती मार्ग से सिंहपुर और सिंहपुर से कल्याणपुर तक के क्षेत्र में लाया जा रहा है। इसमें चार गांवों की कुल 153.31 हेक्टेयर जमीन शामिल की गई है। इस परियोजना के माध्यम से केडीए शहर को एक नई और योजनाबद्ध दिशा देने की तैयारी में है।
183.5 करोड़ की मंजूरी, विकास कार्य जल्द होंगे शुरू
केंद्र सरकार पहले ही इस योजना के लिए 183.5 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर चुकी है। विकास कार्य का नक्शा तैयार हो चुका है और केडीए जल्द ही क्षेत्र में सड़क, जल निकासी, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण शुरू करेगा।







