लश्कर और जैश के ठिकानों पर हमला- भारत ने किस रणनीति से मारी बाज़ी?

  • भारत की घातक सर्जिकल स्ट्राइक से दहले आतंकी संगठन
  • ऑपरेशन सिंदूर, आतंकवादियों के गढ़ में भारतीय सेना का आक्रमण
  • पाकिस्तान के सैन्य ढांचे पर भारत का चौंकाने वाला वार

नई दिल्ली। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर ऑपरेशन सिंदूर के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया। तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भारत ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ आतंकी कैंपों को निशाना बनाया। इस दौरान पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमले भी किए गए, जिनमें उसने नागरिक विमानों को ढाल बनाने की नापाक कोशिश की।

आतंकियों को सबक सिखाने का वक्त आ गया था

डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा, “22 अप्रैल को पहलगाम में 26 निर्दोष लोगों की हत्या के बाद हमें स्पष्ट हो गया था कि आतंकवादियों को मजबूत जवाब देना होगा। ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य आतंक के अपराधियों और उनके ढांचे को ध्वस्त करना था।”

उन्होंने बताया कि भारतीय खुफिया एजेंसियों ने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत और पीओके में स्थित नौ आतंकी शिविरों की पहचान की थी, जिनमें मुरीदके जैसे इलाके शामिल थे, जहां लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठन सक्रिय हैं।

पाकिस्तान ने नागरिक विमानों को बनाया ढाल

एयर मार्शल एके भारती ने बताया कि “8 और 9 मई की रात को पाकिस्तान ने श्रीनगर से नलिया तक ड्रोन हमले किए, लेकिन भारतीय वायुसेना ने सभी को नाकाम कर दिया। दुश्मन ने लाहौर के पास से हमले किए और अपने नागरिक विमानों को भी उड़ाकर ढाल बनाने की कोशिश की, जो अंतरराष्ट्रीय नियमों का घोर उल्लंघन है।”

भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई में लाहौर और गुजरांवाला में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। सेना ने साफ किया कि अगर पाकिस्तान ने फिर कोई गलती की तो भारत और सख्त जवाब देगा।

Back to top button