30 मार्च से गेहूं खरीद शुरू, 73 क्रय केंद्र तैयार

अंबेडकरनगर। जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 30 मार्च से गेहूं खरीद शुरू होगी। इस बार समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है। प्रशासन ने खरीद के लिए 73 क्रय केंद्र तैयार किए हैं।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। क्रय केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी किसान को केंद्र से लौटाया नहीं जाएगा और उसकी उपज की खरीद सुनिश्चित की जाएगी।

बिचौलियों पर सख्ती, पंजीकरण अनिवार्य

बैठक में निर्देश दिया गया कि गेहूं खरीद में बिचौलियों की भूमिका किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगी। सभी किसानों को खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in या यूपी किसान मित्र के माध्यम से पंजीकरण कराने को कहा गया है। खरीद ई-पॉप मशीन से बायोमेट्रिक सत्यापन के आधार पर होगी।

केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जरूरी

प्रत्येक केंद्र पर छांव, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र और अन्य उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है। मंडियों में केंद्र ऐसे स्थान पर स्थापित करने को कहा गया है, जहां किसानों की सीधी पहुंच हो।

भुगतान सीधे खाते में होगा

गेहूं का मूल्य सीधे किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में भेजा जाएगा। इसके लिए खाते का आधार से लिंक और सक्रिय होना जरूरी है। संयुक्त भूमि की स्थिति में हिस्सेदारी सही दर्ज करने को कहा गया है।

शिकायत के लिए कंट्रोल रूम

किसी भी समस्या पर किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में बने कंट्रोल रूम नंबर 9450531906 और 9838208524 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने कहा कि अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button