
- कानपुर में AI के जरिए नकल कराने की साजिश
- केमिस्ट्री लेक्चरर और 2 ट्यूशन टीचर गिरफ्तार
- एनसीसी कक्ष में मोबाइल-प्रिंटर से तैयार हो रहे थे जवाब
- बिना ड्यूटी बनाए गए थे फर्जी कक्ष निरीक्षक
कानपुर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन कानपुर से नकल का बड़ा मामला सामने आया है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से परीक्षा में धांधली कराने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में केमिस्ट्री के एक लेक्चरर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, Kanpur के बीएनएसडी इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। यहां कॉलेज के प्रवक्ता अखिलेश ने दो ट्यूशन टीचरों को बिना आधिकारिक ड्यूटी के कक्ष निरीक्षक बना दिया था।
AI और प्रिंटर से तैयार हो रहे थे जवाब
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एनसीसी के बंद कमरे में मोबाइल और प्रिंटर की मदद से प्रश्नपत्र हल करने की पूरी व्यवस्था कर रखी थी। AI तकनीक का इस्तेमाल कर सवालों के जवाब तैयार किए जा रहे थे, जिन्हें परीक्षा कक्ष तक पहुंचाने की योजना थी।
शनिवार को दूसरी पाली (दोपहर 3 से 5 बजे) की परीक्षा के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रोका। पूछताछ में उसने खुद को कक्ष निरीक्षक बताया, लेकिन तलाशी लेने पर उसके पास छिपा हुआ प्रश्नपत्र मिला।
पूछताछ में उसने खुलासा किया कि यह पेपर दूसरे कक्ष निरीक्षक निर्मल कुमार ने दिया था। आगे जांच में एनसीसी कक्ष से मोबाइल और प्रिंटर बरामद हुए, जिससे पूरे नकल रैकेट का पर्दाफाश हुआ।
प्रवक्ता ने दी थी चाबी
जांच में सामने आया कि कॉलेज के प्रवक्ता अखिलेश यादव ने एनसीसी कक्ष की चाबी उपलब्ध कराई थी, जहां से पूरी नकल की योजना संचालित की जा रही थी।
प्रदेशभर में सख्ती, 25 लाख अभ्यर्थी शामिल
होमगार्ड भर्ती परीक्षा प्रदेश के 1053 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जो 27 अप्रैल तक चलेगी। इसमें करीब 25 लाख अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं।
परीक्षा को लेकर पूरे प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस अलर्ट मोड पर है। परीक्षा 2 घंटे की होती है और 100 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जा रहे हैं।









