
- महाराजपुर क्षेत्र की महिला को आया धमकी भरा कॉल
- साइबर ठग ने कहा- तुम्हारी अश्लील वीडियो बना ली है
- 10 हजार न देने पर वीडियो वायरल करने की दी धमकी
कानपुर। कानपुर के थाना महाराजपुर क्षेत्र में एक महिला को साइबर ठग ने ब्लैकमेल करने की कोशिश की। गुरुवार शाम एक अज्ञात नंबर से महिला के मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि महिला की अश्लील वीडियो बना ली गई है और 10 हजार रुपये की मांग की।
पहले तो महिला घबरा गई, लेकिन बाद में उसने साहस दिखाते हुए अपने परिवार को जानकारी दी और स्थानीय पुलिस चौकी पहुंची। पुलिस ने जब उसी नंबर पर कॉल किया, तो ठग घबरा गया और तुरंत अपना फोन बंद कर लिया। पुलिस द्वारा कई बार संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन नंबर लगातार बंद रहा।
पुलिस की अपील: डरें नहीं, तुरंत करें शिकायत
महाराजपुर पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या धमकी की स्थिति में डरने के बजाय तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
पुलिस ने यह भी कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को लेकर समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है, ताकि ठगों के मंसूबे सफल न हो सकें।









