लखनऊ एयरपोर्ट पर उड़ान से ठीक पहले इमरजेंसी ब्रेक

 राजधानी स्थित Chaudhary Charan Singh International Airport पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रायपुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट के सामने अचानक एक बंदर आ गया, जिससे पायलट को तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाना पड़ा।

 रनवे पर अचानक आया बंदर

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 8:55 बजे IndiGo की फ्लाइट 6E-6521 उड़ान भरने के लिए रनवे पर दौड़ रही थी। इसी दौरान अचानक एक बंदर रनवे पर आ गया। पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत ब्रेक लगाए और फ्लाइट को सुरक्षित रूप से रोक लिया।

 टैक्सी-वे पर ले जाकर की गई जांच

इमरजेंसी ब्रेक के बाद विमान को तुरंत टैक्सी-वे पर लाया गया, जहां सभी जरूरी सुरक्षा जांच और प्रोटोकॉल पूरे किए गए। करीब सवा घंटे बाद, सुबह 10:05 बजे फ्लाइट को रायपुर के लिए रवाना किया गया।

 यात्रियों में मची अफरा-तफरी

अचानक ब्रेक लगने से फ्लाइट में सवार 135 यात्री और क्रू मेंबर घबरा गए। वहीं, एयरपोर्ट प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। सुरक्षा में तैनात ‘फॉलो मी’ वाहन के कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बंदर को रनवे से खदेड़ा।

 एक घंटे तक मचाता रहा उत्पात

बताया जा रहा है कि बंदर करीब एक घंटे तक रनवे और आसपास के इलाके में उछल-कूद करता रहा। काफी मशक्कत के बाद सुरक्षा कर्मियों ने उसे भगाया, जिसके बाद वह रहीमाबाद गांव की ओर स्थित एयरपोर्ट बाउंड्री वॉल की तरफ भाग गया।

 प्रशासन ने किया इनकार

हालांकि, एयरपोर्ट के आधिकारिक प्रवक्ता ने इस तरह की किसी घटना से इनकार किया है। बावजूद इसके, सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button