मध्य प्रदेश महिला आयोग की टीम ने भोपाल सेंट्रल जेल पहुंचकर रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह से मुलाकात की। इस दौरान आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव ने जेल में उपलब्ध भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
मुलाकात के समय गिरिबाला सिंह देवदत्त पटनायक की पुस्तक ‘द प्रेग्नेंट किंग’ पढ़ रही थीं। महिला आयोग की टीम को देखते ही उन्होंने किताब बंद कर दी। बातचीत के दौरान उन्होंने जेल प्रशासन या सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार की शिकायत नहीं की और कहा कि उन्हें कोई परेशानी नहीं है तथा सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं।
महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव ने बताया कि गिरिबाला सिंह पूरी तरह शांत रहीं और आयोग को ऐसा कोई संकेत नहीं मिला कि उन्हें जेल में किसी प्रकार की विशेष सुविधा प्रदान की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान आयोग की टीम ने महिला वार्ड, अस्पताल, रसोईघर, पुस्तकालय, आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर तथा ब्यूटी पार्लर का भी जायजा लिया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।









