वाराणसी में युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या

  • 8-9 युवकों ने घर से जबरन उठाकर किया हमला
  • पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

वाराणसी। Varanasi के रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर इलाके में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां दबंगों ने एक 17 वर्षीय युवक को घर से जबरन उठाकर ले जाने के बाद बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान सानू अली के रूप में हुई है, जो राजमिस्त्री का काम करता था और परिवार का सबसे बड़ा सहारा था। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे 8-9 युवक बाइक से सानू के घर पहुंचे और उस पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाते हुए जबरन अपने साथ ले गए। परिजनों ने बताया कि आरोपी उसे पुलिस चौकी ले जाने की बात कह रहे थे, लेकिन उसे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर एक पुलिया के पास ले जाकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

घटना की भनक लगते ही परिजन पीछा करते हुए मौके पर पहुंचे, जहां सानू अधमरी हालत में पड़ा मिला, जबकि हमलावर फरार हो चुके थे। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश है। मृतक के ताऊ अख्तर अली ने बताया कि मुख्य आरोपी पहले गो तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और उसे शक था कि सानू ने ही पुलिस को सूचना देकर उसे पकड़वाया था, इसी रंजिश में उसने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button