नगर निगम के ट्रक से कुचलकर युवक की मौत, लोगों में आक्रोश

आगरा: थाना शाहगंज क्षेत्र के अलबतिया रोड पर हरिओम वाटिका के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक नगर निगम के ट्रक के नीचे आकर टायरों में फंस गया, जिससे उसके पैर और सिर बुरी तरह कुचल गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर निगम का ट्रक अलबतिया से रामनगर पुलिया की ओर जा रहा था, जबकि युवक एक्टिवा से विपरीत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान वह अचानक ट्रक की चपेट में आ गया।

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की गाड़ियों से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

घटना में युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button