
- सुशांत गोल्फ सिटी में युवक पर हमला
- थार सवार युवकों पर फायरिंग का आरोप
- युवक भागकर बचाने में सफल
- घटनास्थल से मिला पिस्टल का खोखा
- पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि थार गाड़ी से आए दो युवकों ने पहले मारपीट की और फिर पिस्टल से फायरिंग कर दी। युवक किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
निलमथा डिप्टीगंज निवासी अमन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अंसल एपीआई स्थित मिलिनियम पैलेस के पास चाय पीने गया था। इसी दौरान जेसीडी कैफे के पास खड़े रहने पर थार सवार दो युवक वहां पहुंचे और उसे देखते ही हमला कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, जब वह जान बचाकर भागने लगा तो मानस मिश्रा नामक युवक ने पिस्टल निकालकर उस पर गोली चला दी। आरोप है कि आरोपी लगातार उसका पीछा करते रहे और दोबारा फायर करने का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से पिस्टल का एक खोखा बरामद किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।









