उज्जैन दर्शन के लिए निकलीं यू-ट्यूबर छवि की हादसे में मौत

हाथरस की 23 वर्षीय छवि और मां ने मौके पर दम तोड़ा, पिता समेत तीन गंभीर घायल

हाथरस। हाथरस की रहने वाली 23 वर्षीय यू-ट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका की सड़क हादसे में मौत हो गई। छवि सोमवार देर रात परिवार के साथ कार से उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए निकली थीं। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी।

हादसे में दो की मौत

हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। छवि और उनकी मां सारिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं छवि के पिता श्यामलाल, रिश्तेदार सूरजपाल और कार चालक सचिन गंभीर रूप से घायल हो गए।

तीनों घायलों को बड़ौद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

कार में फंसी थीं छवि की मां

हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट संदीप गोस्वामी और अमरीश मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। छवि की मां सारिका कार में बुरी तरह फंस गई थीं। उन्हें बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

7 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स

छवि वार्ष्णेय यू-ट्यूब पर काफी लोकप्रिय थीं। उनके चैनल पर 7 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। वह लाइफस्टाइल और मोटिवेशन से जुड़े वीडियो बनाती थीं। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button