- अस्पताल में हुई मौत
- घटना का वीडियो वायरल
प्रयागराज। प्रयागराज में संगम स्नान के दौरान मथुरा के 38 वर्षीय युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। युवक अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर आया था। घटना 14 जुलाई की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो शुक्रवार देर शाम सोशल मीडिया पर सामने आया।
मृतक की पहचान विष्णु ठाकुर के रूप में हुई है, जो मथुरा के निवासी थे। वह भाजपा जिला मंत्री रणवीर ठाकुर के चचेरे बड़े भाई बताए गए हैं। परिवार के साथ नाव से संगम स्नान के लिए जाते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि नाव में ही उन्हें हार्ट अटैक आया और वह अचेत होकर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजन और नाव में मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना का करीब 21 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विष्णु ठाकुर पहले परिवार के साथ सामान्य रूप से बैठे दिखाई देते हैं, लेकिन कुछ ही क्षण बाद अचानक गिर पड़ते हैं। इसके बाद नाव में मौजूद लोग उन्हें संभालने और नाव किनारे लगाने की कोशिश करते नजर आते हैं।
विष्णु ठाकुर के असामयिक निधन से परिवार में शोक का माहौल है। भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।









