आगर-मालवा। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाले में एक कार बह जाने से आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में जान गंवाने वालों में सात लोग ओडिशा के बताए जा रहे हैं, जबकि कार चालक अरुण गोयल आगर-मालवा के बड़ौद का निवासी था। सभी लोग मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे और उन्होंने उज्जैन से कार किराए पर ली थी।
रात करीब तीन बजे हुआ हादसा
एसपी दिलीप कुमार सोनी के मुताबिक हादसा रात करीब तीन बजे हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज बारिश के कारण बरसाती नाले में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया और कार उसकी चपेट में आकर बह गई। कार पुलिया से करीब 100 मीटर दूर तक पानी में चली गई।
सुबह पानी कम होने के बाद कार की छत दिखाई दी। स्थानीय व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की मदद से कार को बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
सात मृतक ओडिशा के
पुलिस के मुताबिक ड्राइवर समेत छह लोगों की पहचान हो चुकी है। मृतकों में कार चालक अरुण गोयल के अलावा राधा रानी बहेरा, ज्ञानेंद्र कुमार बहेरा, रितारानी पत्नी ज्ञानेंद्र बहेरा, कृष्णा राजवीर पुत्र शिवप्रसाद बहेरा और शिवप्रसाद बहेरा शामिल हैं। पुलिस बाकी मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
24 घंटे में 3.7 इंच बारिश
नलखेड़ा क्षेत्र में हादसे से पहले पिछले 24 घंटे में करीब 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई थी। रात में तेज बारिश के बाद बरसाती नाले का जलस्तर और बहाव बढ़ गया। इसी दौरान कार के बहने की घटना हुई। पुलिस मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे से पहले और बाद की स्थिति स्पष्ट हो सके।
हादसे के बाद चक्काजाम
हादसे की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंबेडकर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। स्थानीय स्तर पर नगर बंद की तैयारी की भी बात सामने आई है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर, एसपी दिलीप कुमार सोनी और एएसपी रवींद्र कुमार बोयट समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन और पुलिस की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।









